सांबा पुलिस ने यात्री बस सहित दो वाहन ज़ब्त कर 14 गोवंश को बचाया।

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 2 दिसंबर (हि.स.)।

सांबा पुलिस ने गो-तस्करी के एक नए तरीके का पर्दाफाश करते हुए दो अलग-अलग प्रयासों को नाकाम कर दिया। पुलिस ने एक यात्री बस और एक टाटा-407 वाहन से कुल 14 मवेशियों को बरामद कर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया।

पहली कार्रवाई में पुलिस थाना घगवाल की टीम ने एफसीआई चैक सुवांधा जटवाल के पास एक यात्री बस को रोका। तलाशी के दौरान बस के अंदर छह गायें क्रूर तरीके से ठूंसी हुई पाई गईं। पुलिस ने सभी को बचा लिया और तस्करी में इस्तेमाल बस को जब्त कर लिया। पुलिस के लगातार दबाव के कारण अब तस्कर यात्री बसों का उपयोग कर नए तरीके अपना रहे हैं।

दूसरी घटना में पुलिस टीम ने टापयाल नाका पर टाटा-407 को रुकने का संकेत दिया लेकिन चालक ने बैरिकेड्स को टक्कर मारकर फरार होने की कोशिश की। सतर्क पुलिसकर्मियों ने पीछा कर वाहन को जटवाल के पास रोका। जांच में आठ मवेशी अवैध रूप से ले जाए जाते पाए गए।

दोनों मामलों में पुलिस थाना घगवाल में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story