अमरनाथ यात्रियों की सेवा को सलाम-बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों का सम्मान, शिव धाम भंडारा बना श्रद्धालुओं का सहारा
कठुआ, 09 जुलाई (हि.स.)। पवित्र श्री अमरनाथ जी यात्रा के सातवें दिन जहां हजारों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए आगे बढ़ रहे हैं वहीं शिव धाम छन्न अरोड़ियां में बाबा बर्फानी सेवा मंडल मोगा द्वारा आयोजित 24वें वार्षिक भंडारे में बड़ी संख्या में यात्री सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।
यह सेवा केंद्र जम्मू मार्ग पर प्रमुख यात्री सुविधा शिविर के रूप में उभरकर सामने आया है जहां श्रद्धालुओं को निशुल्क भोजन, चाय-नाश्ता, ठहरने की व्यवस्था, स्वच्छ स्नान एवं शौचालय सुविधाएं, चिकित्सा परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। देशभर से आए यात्रियों ने मंडल के स्वयंसेवकों द्वारा दी जा रही 24 घंटे सेवा की सराहना की।
इस अवसर पर मंत्री सतीश शर्मा, पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता तथा बाबा बर्फानी सेवा मंडल के अध्यक्ष चंदर शेखर सूद ने बैंक ऑफ इंडिया, मोगा के मुख्य प्रबंधक द्वारका प्रसाद और प्रबंधक राजेश को अमरनाथ यात्रियों के कल्याण में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया के जोनल मैनेजर विवेक निगम और डिप्टी जोनल मैनेजर नीरज चौधरी द्वारा भंडारे के सफल संचालन हेतु 5 लाख की वित्तीय सहायता प्रदान करने पर उनका भी आभार व्यक्त किया गया।
मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि यात्रियों की सेवा जम्मू-कश्मीर की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और इस तरह के सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। वहीं पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता ने बताया कि बाबा बर्फानी सेवा मंडल पिछले 24 वर्षों से अमरनाथ और माता वैष्णो देवी यात्रियों की निस्वार्थ सेवा कर रहा है जिससे देशभर के श्रद्धालुओं में मंडल के प्रति विशेष सम्मान बना है।
उन्होंने बताया कि बैंक ऑफ इंडिया द्वारा वर्ष 2013 से अब तक लगभग 25 लाख की सहायता प्रदान की जा चुकी है जिससे भंडारे की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ हुई हैं। मंडल के अध्यक्ष चंदर शेखर सूद ने बैंक और सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए भविष्य में सहयोग बढ़ाने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

