सकीना इटू ने अमर सिंह कॉलेज में उत्पीड़न की घटना के बाद कॉलेज के प्रिंसिपल और एक सहायक प्रोफेसर को निलंबित करने का दिया आदेश

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 08 मई (हि.स.)। उच्च शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने अमर सिंह कॉलेज में उत्पीड़न की घटना के बाद कॉलेज के प्रिंसिपल और एक सहायक प्रोफेसर को निलंबित करने का आदेश दिया है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मंत्री ने मामले का गंभीर संज्ञान लिया है और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है। घटना की जांच के आदेश भी दिए गए हैं जिसे एक सप्ताह के भीतर पूरा करने को कहा गया है।

सूत्रों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कदम घटना को लेकर बढ़ती चिंता और छात्रों तथा नागरिक समाज द्वारा जवाबदेही की मांग के बीच उठाया गया है।

इस बीच उच्च शिक्षा विभाग ने आश्वासन दिया है कि न्याय सुनिश्चित करने और जम्मू-कश्मीर के सभी कॉलेजों में सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story