सज्जाद गनी लोन ने स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान घरों से अतिरिक्त केबल के लिए शुल्क वसूलने का सरकार पर लगाया आरोप
श्रीनगर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और हंदवाडा के विधायक सज्जाद गनी लोन ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर सरकार की आलोचना करते हुए स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान घरों से अतिरिक्त केबल के लिए शुल्क वसूलने का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार पर उपभोक्ताओं, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लोगों पर बोझ डालने का आरोप लगाया।
एक्स पर साझा किए गए एक बयान में लोन ने दावा किया कि स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी प्रत्येक घर को केवल चार मीटर केबल दे रही है जिसमें दो मीटर इनपुट और दो मीटर आउटपुट कनेक्शन के लिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अतिरिक्त केबल की आवश्यकता वाले घरों से इसके लिए भुगतान करने को कहा जा रहा है और कुछ मामलों में उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर लगवाने के लिए 4,000 से 5,000 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
लोन ने कहा कि बिजली के खंभों से दूर स्थित घरों के लिए लागत अधिक हो सकती है क्योंकि उन्हें लंबी केबल की आवश्यकता होगी। उन्होंने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि गरीब परिवारों को बिजली कनेक्शन लेने के लिए अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है और चेतावनी दी कि यदि आवश्यक इंस्टॉलेशन पूरा नहीं हुआ तो उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा जा सकता है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को निशाना बनाते हुए लोन ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के पात्र परिवारों को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने के वादे का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि दो साल बीत जाने के बावजूद यह वादा पूरा नहीं हुआ है।
उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान स्मार्ट मीटरिंग की आलोचना को याद करते हुए कहा कि अब उपभोक्ताओं को इंस्टॉलेशन प्रक्रिया से जुड़े अतिरिक्त खर्चों का सामना करना पड़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

