साबरमती-जम्मूतवी एक्सप्रेस का कटरा तक किया गया विस्तार

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 17 अगस्त (हि.स.)।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने साबरमती बीजी-जम्मूतवी-साबरमती बीजी एक्सप्रेस रेलसेवा का विस्तार श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही रेलसेवा को सांबा, बड़ी ब्राह्मणा और शहीद कैप्टन तुषार महाजन रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव भी दिया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, ट्रेन संख्या 19223 साबरमती बीजी-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस 18 अक्टूबर 2026 से साबरमती बीजी से रवाना होकर जम्मूतवी के बजाय श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक संचालित होगी।

इसी प्रकार ट्रेन संख्या 19224 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-साबरमती बीजी एक्सप्रेस 20 अक्टूबर 2026 से जम्मूतवी के बजाय श्री माता वैष्णो देवी कटरा से रवाना होगी।

रेलवे के इस फैसले से यात्रियों को जम्मूतवी पर उतरकर आगे की यात्रा करने की आवश्यकता कम होगी और सीधे कटरा तक रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। वहीं सांबा, बड़ी ब्राह्मणा और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव मिलने से इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी बेहतर रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।

रेलवे का यह कदम विशेष रूप से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और जम्मू संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story