ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा, डीसी ने समयबद्ध पूरा करने और डेटा शुद्धता पर दिया जोर

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा, डीसी ने समयबद्ध पूरा करने और डेटा शुद्धता पर दिया जोर


कठुआ, 21 फरवरी (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सहायक आयुक्त विकास अखिल सडोत्रा ने मनरेगा के तहत कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 82.96 प्रतिशत ई-केवाईसी सत्यापन पूरा हो चुका है। डीसी ने शेष ई-केवाईसी जल्द पूर्ण करने तथा डेटा को सही और पारदर्शी बनाए रखने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जिले में 95 प्रतिशत प्रगति हासिल होने की जानकारी दी गई जिस पर उपायुक्त ने शेष लक्ष्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान, स्वच्छ भारत मिशन, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय, प्रभावी निगरानी और योजनाओं के सफल क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया ताकि ग्रामीण क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story