डिंगा अंब में 193 लाख के सड़क प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन, ग्रामीण कनेक्टिविटी को मिला बड़ा बढ़ावा

WhatsApp Channel Join Now
डिंगा अंब में 193 लाख के सड़क प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन, ग्रामीण कनेक्टिविटी को मिला बड़ा बढ़ावा


कठुआ, 25 अप्रैल (हि.स.)। जसरोटा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजीव जसरोटिया ने ब्लॉक डिंगा अंब में 193 लाख की लागत से पांच प्रमुख सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत करना और लंबे समय से लंबित बुनियादी ढांचे की कमी को दूर करना है।

इनमें कडेतर-कटली में 20 लाख की लागत से वेंटेड कॉजवे, एससी मोहल्ला बलोत के लिए 23 लाख की लिंक रोड, कटली लिंक रोड 50 लाख, मंग्लूर से जंबल डोडे लिंक रोड 30 लाख तथा दबही-बबिट्टी लिंक रोड 70 लाख शामिल हैं। खास बात यह है कि इनमें से कई सड़कें आजादी के बाद पहली बार बनी हैं जिससे क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। इन सड़कों के बनने से लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा और बाजारों तक पहुंच आसान होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

इस मौके पर विधायक राजीव जसरोटिया ने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों का विकास उनकी प्राथमिकता है और आने वाले समय में भी ऐसे विकास कार्य जारी रहेंगे। स्थानीय लोगों ने इन परियोजनाओं को क्षेत्र के लिए “परिवर्तनकारी कदम” बताते हुए खुशी जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story