डॉ. गौतम मेंगी ने जम्मू प्रेस कॉन्फ्रेंस में उठाए अहम मुद्दे

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 24 मार्च (हि.स.)।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जम्मू-कश्मीर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि हाल ही में हरियाणा के समालखा में आयोजित अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में संगठन विस्तार, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में संत शिरोमणि रविदास जी के 650वें प्राकट्य वर्ष के अवसर पर सामाजिक एकता और समरसता के संदेश को समाज तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। संघ ने अपने कार्यों के विस्तार की जानकारी देते हुए बताया कि शाखाओं और स्थानों की संख्या में वृद्धि हुई है, जबकि साप्ताहिक मिलन और मंडलियों का दायरा भी बढ़ा है।

जम्मू-कश्मीर प्रांत में भी संघ गतिविधियों का विस्तार लगातार हो रहा है, जहां शाखाओं की संख्या 678 से बढ़कर 735 हो गई है। संघ ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने, समरसता स्थापित करने और युवाओं को जोड़ने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों और अभियानों का आयोजन किया है। इसके तहत हजारों परिवारों से संपर्क किया गया और सैकड़ों हिंदू सम्मेलन आयोजित किए गए, जिनमें लाखों लोगों ने भाग लिया।

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि संघ शताब्दी वर्ष के तहत विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाने और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने का प्रयास कर रहा है। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि वन संरक्षण, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story