आर. एस. पठानिया ने कैंसर इलाज और दवाओं में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया
जम्मू,, 02 अप्रैल (हि.स.)
विधायक आर. एस. पठानिया ने केंद्र शासित प्रदेश में कैंसर के इलाज और दवाओं से जुड़ी अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए इसे गंभीर मामला बताया है और इस पर विस्तृत चर्चा की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कैंसर रोगियों के उपचार और दवाओं की उपलब्धता को लेकर कई तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं, जिनका सीधा असर मरीजों और उनके परिवारों पर पड़ रहा है।
पठानिया ने कहा कि इस संवेदनशील मुद्दे पर सरकार को तत्काल ध्यान देना चाहिए और स्वास्थ्य सेवाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि कैंसर उपचार से जुड़ी व्यवस्थाओं, दवाओं की आपूर्ति और संबंधित प्रक्रियाओं की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी का पता लगाया जा सके।
उन्होंने जोर देकर कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को समय पर और उचित उपचार मिलना अत्यंत आवश्यक है, लेकिन यदि व्यवस्था में खामियां होंगी तो इसका सीधा नुकसान आम लोगों को उठाना पड़ेगा।
विधायक ने सरकार से आग्रह किया कि इस विषय पर विधानसभा में चर्चा कर ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जा सके और मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

