हीरानगर में सड़क सुरक्षा गतिविधियों का समापन, जागरूकता रैली निकाली
कठुआ/हीरानगर, 20 फरवरी (हि.स.)। राजकीय जीएलडीएम डिग्री कॉलेज हीरानगर में सड़क सुरक्षा विषय पर आयोजित गतिविधियों की श्रृंखला का समापन विशेषज्ञ व्याख्यान और जागरूकता रैली के साथ किया गया। कार्यक्रम कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रज्ञा खन्ना के संरक्षण में तथा रोड सेफ्टी क्लब के संयोजक प्रो. राकेश शर्मा के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
विशेष आमंत्रित वक्ता डॉ. गुरु शर्मा ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के आवश्यक नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से परहेज तथा ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने सड़क दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक उपचार और सीपीआर की सही विधि का प्रदर्शन भी किया तथा आपात स्थिति में 108 एम्बुलेंस सेवा पर तुरंत संपर्क करने की सलाह दी। कार्यक्रम में लगभग 50 विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की।
डॉ. रजनी बाला ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए छात्रों से जिम्मेदार नागरिक बनने और सड़क सुरक्षा के संदेश को समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। समापन अवसर पर कॉलेज परिसर एवं आसपास जागरूकता रैली निकाली गई जिसमें विद्यार्थियों ने “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” और “सावधानी हटी, दुर्घटना घटी” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को नियम नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संदेश देना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

