“डोगरी मुकरियां” कृति के लिए ऋतु सिंह को प्रो. रामनाथ शास्त्री स्मृति पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया

WhatsApp Channel Join Now
“डोगरी मुकरियां” कृति के लिए ऋतु सिंह को प्रो. रामनाथ शास्त्री स्मृति पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया


जम्मू, 14 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू में डोगरी संस्था द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह में प्रतिष्ठित प्रो. रामनाथ शास्त्री स्मृति पुरस्कार 2026 प्रसिद्ध डोगरी लेखिका ऋतु सिंह को उनकी चर्चित काव्य कृति “डोगरी मुकरियां” के लिए प्रदान किया गया। यह समारोह डोगरी भवन, कर्ण नगर में आयोजित हुआ जिसमें कई प्रख्यात साहित्यकार, विद्वान और साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे। प्रो. रामनाथ शास्त्री की स्मृति में स्थापित यह सम्मान डोगरी साहित्य के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक माना जाता है। यह इस श्रृंखला का 13वां पुरस्कार है जो ऋतु सिंह को उनके उल्लेखनीय साहित्यिक योगदान के लिए दिया गया। उनकी कृति “डोगरी मुकरियां” को कलात्मक अभिव्यक्ति और डोगरी संस्कृति के सजीव चित्रण के लिए व्यापक सराहना मिली है।

इस अवसर पर डोगरी संस्था जम्मू के अध्यक्ष प्रो. ललित मगोत्रा ने ऋतु सिंह को बधाई देते हुए कहा कि यह पुरस्कार डोगरी भाषा और साहित्य की समृद्ध परंपरा को सहेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान उभरते लेखकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं। उपाध्यक्ष प्रो. वीणा गुप्ता ने भी लेखिका के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि “डोगरी मुकरियां” भाषा की सांस्कृतिक गहराई और सौंदर्य को उजागर करती है। महासचिव राजेश्वर सिंह ‘राजू’ ने कृति की साहित्यिक उत्कृष्टता को रेखांकित करते हुए संस्था की प्रतिबद्धता को दोहराया।

समारोह में ऋतु सिंह ने अपनी साहित्यिक यात्रा साझा की, वहीं प्रो. रामनाथ शास्त्री के पुत्र अजीत खजूरिया ने अपने पिता के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक पहलुओं को साझा किया। कार्यक्रम का संचालन पवन वर्मा द्वारा किया गया और अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह संपन्न हुआ। डोगरी संस्था जम्मू ने इस अवसर पर डोगरी भाषा, संस्कृति और साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन के अपने संकल्प को पुनः दोहराया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story