सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ रही नार्को-टेरर गतिविधियां चिंताजनक

WhatsApp Channel Join Now
सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ रही नार्को-टेरर गतिविधियां चिंताजनक


जम्मू, 06 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में बढ़ती नार्को-टेरर गतिविधियों को लेकर पंडित राजेश केसरी, यूटी अध्यक्ष शिवसेना हिंदुस्तान ने शुक्रवार को गंभीर चिंता व्यक्त की। जम्मू में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से सीमा पार से नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी लगातार बढ़ रही है जो क्षेत्र की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही है। केसरी ने कहा कि ड्रोन के जरिए सीमावर्ती इलाकों में नशीले पदार्थ और हथियार गिराए जाते हैं जिन्हें बाद में स्थानीय सहयोगियों द्वारा उठाकर आगे सप्लाई किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगार युवाओं को आसान पैसे का लालच देकर इस अवैध नेटवर्क में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा जल्द पैसा कमाने के लालच में यह नहीं समझ पाते कि वे नार्को-टेरर के खतरनाक जाल में फंसते जा रहे हैं।

उन्होंने हाल ही में जम्मू के मीरां साहिब क्षेत्र में हुई ड्रग्स बरामदगी का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस की सतर्कता से दिलबाग सिंह और उसके साथियों की गिरफ्तारी हुई लेकिन यह पूरे नेटवर्क का केवल एक छोटा हिस्सा है। केसरी ने आरोप लगाया कि इस तरह की गतिविधियों में कुछ सरकारी कर्मचारी भी शामिल हो सकते हैं और कई लोग अभी भी सक्रिय हैं। उन्होंने यह भी चिंता जताई कि नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में कई आरोपियों को आसानी से जमानत मिल जाती है जिसके बाद वे फिर से अवैध गतिविधियों में शामिल हो जाते हैं। केसरी ने मांग की कि ऐसे आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से यह भी अपील की कि युवाओं को अपराध की ओर जाने से रोकने के लिए जम्मू संभाग में लंबित भर्तियों को जल्द पूरा किया जाए और रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story