सोनावारी के विकास कार्यों की समीक्षा, कई योजनाएं उद्घाटन को तैयार

WhatsApp Channel Join Now
सोनावारी के विकास कार्यों की समीक्षा, कई योजनाएं उद्घाटन को तैयार


श्रीनगर, 04 जून (हि.स.)। जल शक्ति, वन, पर्यावरण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने गुरूवार को सिविल सचिवालय में सोनावारी विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों के चल रहे प्रोजेक्ट्स और जनकल्याण योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और विभागों के बीच बेहतर समन्वय रखा जाए। उन्होंने जलापूर्ति योजनाओं, नहरों की सफाई, जल स्रोतों के संरक्षण और हैंडपंप लगाने के कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। बैठक में बताया गया कि जल जीवन मिशन के तहत 21 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं और जल्द ही उनका उद्घाटन किया जाएगा जिससे क्षेत्र में पेयजल सुविधा बेहतर होगी।

विधायक हिलाल अकबर लोन ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं उठाईं जिनमें लकड़ी डिपो की स्थापना, जंगली सूअरों से हो रही परेशानी और वुलर झील के संरक्षण का मुद्दा शामिल रहा। मंत्री ने संबंधित विभागों को इन मामलों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि सरकार समग्र और संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा आम जनता तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story