समरसता यात्रा और संत संपर्क अभियान की तैयारियों की समीक्षा, हर स्तर तक पहुंचाने पर जोर
जम्मू, 29 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जम्मू-कश्मीर के संगठन महामंत्री अशोक कौल ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय, जम्मू में आयोजित संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता कर संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली समरसता यात्रा और संत संपर्क अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में भाजपा के प्रदेश महासचिव बलदेव सिंह बिलावरिया और गोपाल महाजन, विधायक डॉ. देवेंद्र कुमार मन्याल, प्रो. घारू राम, चौधरी विक्रम रंधावा, राजीव भगत सहित वरिष्ठ पदाधिकारी और संगठन के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अशोक कौल ने जिला-वार तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि समरसता यात्रा और संत संपर्क अभियान केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक समरसता, समानता, सामाजिक न्याय और मानव गरिमा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का अभियान हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम प्रत्येक जिले, मंडल, वार्ड, बूथ और गांव तक पहुंचें तथा संतों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और समाज के विभिन्न वर्गों से व्यापक संपर्क स्थापित किया जाए। श्री गुरु रविदास समरसता अभियान के संयोजक बलदेव सिंह बिलावरिया ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अभियान के प्रभावी संचालन के लिए विस्तृत तैयारियां की गई हैं और इसमें लोगों की व्यापक भागीदारी मिलने की उम्मीद है। वहीं गोपाल महाजन ने कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक समन्वय और जमीनी स्तर पर सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
विधायक डॉ. देवेंद्र कुमार मन्याल ने कहा कि गुरु रविदास महाराज की शिक्षाएं आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर समानता और भाईचारे का संदेश देती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने और संत के संदेश को प्रत्येक घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

