श्री अमरनाथ यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा-डीसी कठुआ का लखनपुर दौरा, समयबद्ध कार्यों पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
श्री अमरनाथ यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा-डीसी कठुआ का लखनपुर दौरा, समयबद्ध कार्यों पर जोर


कठुआ, 23 मई (हि.स.)। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने शनिवार को लखनपुर कॉरिडोर का दौरा कर आगामी श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने डीडीसी काउंसिल भवन लखनपुर में बैठक की अध्यक्षता कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने लखनपुर कॉरिडोर में चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, मरम्मत, सौंदर्यीकरण और यात्रियों के लिए बनाई जा रही सुविधाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने पंजीकरण केंद्र, स्वच्छता इकाइयों, विश्राम स्थल, पेयजल और साइनज सहित सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं यात्री-अनुकूल बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि लखनपुर में 6 ई-केवाईसी और 12 आरएुआईडी काउंटर स्थापित किए जाएंगे जिससे यात्रियों का पंजीकरण और आवागमन सुगम होगा। उपायुक्त ने 36 लॉजमेंट सेंटरों की नियमित निगरानी और सभी कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त स्टाफ तैनात कर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ गुणवत्ता युक्त और टिकाऊ सुविधाएं समय पर तैयार करने पर जोर दिया।

उपायुक्त ने कहा कि 3 जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा-2026 को सुचारु, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story