कठुआ में नशा मुक्ति अभियान की समीक्षा, सख्त निर्देश जारी

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में नशा मुक्ति अभियान की समीक्षा, सख्त निर्देश जारी


कठुआ, 30 अप्रैल (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने डीसी कार्यालय में बैठक कर एनसीओआरडी और 100 दिन के नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को जागरूकता और प्रवर्तन गतिविधियों को और तेज करने के निर्देश दिए।

डीसी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में सभी विभागों और समाज की संयुक्त भागीदारी जरूरी है। शिक्षा, समाज कल्याण, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग को युवाओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम बढ़ाने को कहा गया जबकि पुलिस, आबकारी, आरटीओ और प्रशासन को सख्त निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने बैंकों से संदिग्ध लेन-देन पर नजर रखने और सूचना साझा करने को कहा। कृषि विभाग को अवैध भांग व पोस्त की खेती पर निगरानी और ड्रग्स कंट्रोल विभाग को दवाइयों की बिक्री पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने एडीसी व एसडीएम को नशा तस्करों की पहचान कर उनकी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई तेज करने को कहा। साथ ही धार्मिक संस्थाओं, महिला समितियों और समाज के अन्य वर्गों की भागीदारी बढ़ाकर अभियान को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story