मेंढर में विकास कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता व समयबद्ध पूर्णता पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
मेंढर में विकास कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता व समयबद्ध पूर्णता पर जोर


जम्मू, 22 फरवरी (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री जावेद राणा ने पीडब्ल्यूडी डिवीजन मेंढर द्वारा संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु एक वर्चुअल बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मुख्य अभियंता पीडब्ल्यू (आर एंड बी) पीर पंजाल, कार्यकारी अभियंता पीडब्ल्यू (आर एंड बी) मेंढर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान मंत्री ने एसएएएससीआई के तहत चल रहे कार्यों, ईएमआरएस अवसंरचना, यूटी कैपेक्स बजट व नाबार्ड के अंतर्गत सड़क परियोजनाओं तथा मेंढर नगर के ड्रेनेज सिस्टम के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता मानकों का पालन, तय समयसीमा का अनुपालन तथा बाधाओं को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए। ड्रेनेज कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि कार्यों का निष्पादन इस प्रकार हो कि आम जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके। विशेष रूप से सड़क संपर्क परियोजनाओं में तेजी लाने और जमीनी स्तर पर नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए। मंत्री ने दोहराया कि सीमा व दूरदराज क्षेत्रों जैसे मेंढर में बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण सरकार की प्राथमिकता है और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं ताकि स्थानीय जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story