कठुआ में बैंकिंग प्रदर्शन की समीक्षा-52.39 प्रतिशत सीडी रेशो बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने का लक्ष्य

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में बैंकिंग प्रदर्शन की समीक्षा-52.39 प्रतिशत सीडी रेशो बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने का लक्ष्य


कठुआ, 24 जून (हि.स.)। जिला स्तरीय समीक्षा समिति और जिला परामर्श समिति की बैठक बुधवार को जिला विकास आयुक्त कार्यालय कठुआ में आयोजित हुई, जिसमें बैंकों के प्रदर्शन, क्रेडिट फ्लो और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त सुरिंदर मोहन शर्मा ने की।

बैठक में क्रेडिट-डिपॉजिट रेशो, प्राथमिकता क्षेत्र में ऋण वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएमईजीपी, एनयूएलएम, एनआरएलएम और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। एडीडीसी ने बैंकों और विभागों को निर्देश दिए कि प्रायोजित ऋण मामलों का समय पर निपटारा सुनिश्चित किया जाए और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने जिले में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम तेज करने पर भी जोर दिया। उन्होंने बैंकों को निर्देशित किया कि वर्तमान 52.39 प्रतिशत सीडी रेशो को वित्त वर्ष के अंत तक बढ़ाकर कम से कम 60 प्रतिशत किया जाए। साथ ही जन धन योजना, सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। नाबार्ड के डीडीएम निपुण शर्मा ने वर्ष 2026-27 के लिए 2251.76 करोड़ रुपये के संभावित ऋण योजना की जानकारी दी जिसमें कृषि, एमएसएमई, सौर ऊर्जा, फूड प्रोसेसिंग, शिक्षा और आवास क्षेत्र शामिल हैं। बैठक में आरबीआई, नाबार्ड, एसबीआई और विभिन्न बैंकों व विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story