पुंछ में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से एक रिहायशी मकान जलकर खाक

WhatsApp Channel Join Now

पुंछ, 23 अगस्त (हि.स.)।

पुंछ जिले की मंडी में नियंत्रण रेखा के निकटवर्ती गगडियां इलाके के गांव छूल में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से एक रिहायशी मकान जलकर खाक हो गया।

दूरदराज और पहाड़ी पर बसे होने के कारण मंडी तहसील मुख्यालय से दमकल विभाग की गाड़ियों के पहुंचने तक सब कुछ जल कर खाक हो गया। गनिमत यह रही कि आग से किसी प्रकार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार सुबह तड़के मंडी तहसील के गांव छूल निवासी सैफ दीन पुत्र हबीबुल्लाह लोन के टीन और लकड़ी में बने दो मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। जिसका पता चलते ही परिवार के सदस्यों ने बाहर भाग कर जान बचाई। इस बीच ग्रामीण भी जाग गए और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए और मंडी में दमकल विभाग को सूचना दी। परन्तु आग पर काबू पाने से पहले ही सब कुछ राख हो गया।

इस घटना को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग करते हुए कहा कि पीड़ितों के तन पर लगे कपड़ों के सिवा उनके पास कुछ भी नहीं बचा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story