डोमाना इलाके में एक 27 वर्षीय महिला के अचानक आई बाढ़ में बह जाने की खबर आयी सामने
जम्मू, 11 अक्टूबर(हि.स.)। रविवार को जम्मू के कई इलाकों में भारी बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सड़कों और रिहायशी इलाकों में पानी भर गया, गाड़ियों को नुकसान पहुंचा और कई जगहों पर भूस्खलन हुआ।
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि रायपुर डोमाना इलाके में एक 27 वर्षीय महिला के अचानक आई बाढ़ (फ्लैश फ्लड) में बह जाने की खबर है। वह अपने पति के साथ सड़क पार कर रही थी।
आधिकारियों ने कहा कि महिला और उसका पति सड़क पार कर रहे थे तभी वे अचानक आई बाढ़ में बह गए। आदमी को तो बचा लिया गया लेकिन महिला का पता नहीं चल सका। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स की टीमें मौके पर पहुंचीं और लापता महिला को खोजने का काम शुरू किया।
जम्मू में सुबह करीब 8:30 बजे भारी बारिश शुरू हुई और तीन घंटे से ज़्यादा समय तक जारी रही जिससे कई मुख्य सड़कों पर पानी भर गया और ट्रैफिक बाधित हुआ। शहर के कई इलाकों में घरों और दुकानों में भी बारिश का पानी घुस गया।
अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश से बुरी तरह प्रभावित इलाकों में पंजतीर्थी, नगरोटा, रूप नगर, डोगरा चौक, दुर्गा नगर, शक्ति नगर, बंतालाब और रायपुर डोमाना शामिल हैं।
लोगों ने बताया कि भारी बारिश और उसके बाद हुए जलजमाव से कारों और दोपहिया वाहनों को नुकसान पहुँचा है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में बारिश का पानी तंग गलियों से तेज़ी से बहता, सड़कों पर भरता और घरों व दुकानों में घुसता हुआ दिखाई दिया।
अधिकारियों ने बताया कि पंजतीर्थी-सिदरा और सिदरा-नगरोटा सड़कों पर भूस्खलन हुआ जिससे गाड़ियों की आवाजाही रुक गई और ट्रैफिक जाम लग गया। उन्होंने कहा कि मलबे को हटाने के लिए कर्मचारियों और मशीनों को तैनात किया गया है और प्रभावित सड़कों पर ट्रैफिक बहाल करने की कोशिशें जारी हैं।
अधिकारियों ने आगे कहा कि ढलान के अस्थिर होने और सड़क के फिसलन भरे होने के कारण लोगों को खतरनाक रास्तों से गुज़रते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। भारी बारिश ने एक बार फिर कई इलाकों में जलजमाव के खतरे को उजागर कर दिया है। दुर्गा नगर, शक्ति नगर और रायपुर डोमाना के निवासियों ने बताया कि बारिश का पानी उनके घरों और दुकानों में घुस गया जिससे सामान के नुकसान, रोज़मर्रा के कामों में रुकावट और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
वार्ड नंबर 62 लक्ष्मीपुरम चिनोर, बंतालाब के निवासियों ने बताया कि बारिश का पानी उनके घरों में घुस गया जिससे सामान के नुकसान, रोज़मर्रा के कामों में रुकावट और लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा हो गई। शक्ति नगर के निवासी विजय कुमार ने कहा कि बारिश का पानी गलियों में तेज़ी से बहने लगा और आना-जाना मुश्किल हो गया। पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया जिससे लोग अपने घरों और सामान को लेकर परेशान हो गए।
डोमाना के एक और निवासी सोहन सिंह ने कहा कि जलजमाव के कारण आना-जाना मुश्किल हो गया और हालात तेज़ी से बिगड़ गए। उन्होंने कहा कि कुछ ही देर में सड़कें पानी से भर गईं। लोग अपने सामान को बचाने के साथ-साथ अपने परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी कोशिश कर रहे थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

