1.10 करोड़ से तीन पीएमजीएसवाई सड़कों का जीर्णोद्धार शुरू, विधायक डॉ. भारत भूषण ने किया शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
1.10 करोड़ से तीन पीएमजीएसवाई सड़कों का जीर्णोद्धार शुरू, विधायक डॉ. भारत भूषण ने किया शुभारंभ


कठुआ, 16 सितंबर (हि.स.)। कठुआ विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में विधायक डॉ. भारत भूषण ने बुधवार को दिलवां, पन्यारा और बिज्जीत पंचायतों को जोड़ने वाली तीन पीएमजीएसवाई सड़कों के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इन तीनों कार्यों पर करीब 1.10 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी।

इस अवसर पर विभिन्न सड़क स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. भारत भूषण ने कहा कि इन कार्यों का उद्देश्य स्थानीय सड़क ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ संबंधित पंचायतों के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार प्राथमिकता के आधार पर पुनर्स्थापना एवं सुरक्षा कार्य करवाए जा रहे हैं।

विधायक ने कहा कि कठुआ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। सड़क, जल निकासी, सुरक्षा एवं संरक्षण ढांचे सहित अन्य आवश्यक जनसुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

डॉ. भारत भूषण ने मौके पर स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं एवं मांगें भी सुनीं। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी जायज समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, उचित निगरानी करने तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

इस मौके पर पीएमजीएसवाई डिवीजन कठुआ के सहायक कार्यकारी अभियंता, जेई, दिलवां पंचायत के पूर्व सरपंच दिलावर सिंह व बलवंत सिंह, मंडल अध्यक्ष सुमन बाला, कैप्टन पवन, रोमी शर्मा, न्यू एरा पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य धर्म सिंह, मनसा राम, तीयथ राम, माखनू सहित तीनों पंचायतों के स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद विधायक डॉ. भारत भूषण एवं अन्य लोगों ने दिलवां स्थित बाबा सुर्गल मंदिर तथा पन्यारा गांव स्थित बुआ रानी मंदिर में माथा टेककर पूजा-अर्चना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story