भीषण गर्मी में राहत-19 जेकेएपी आईआर कठुआ ने बांटे ठंडे पेय व जलपान

WhatsApp Channel Join Now
भीषण गर्मी में राहत-19 जेकेएपी आईआर कठुआ ने बांटे ठंडे पेय व जलपान


कठुआ, 02 जुलाई (हि.स.)। भीषण गर्मी से लोगों को राहत देने और आमजन से संबंध मजबूत करने के उद्देश्य से 19 जेकेएपी आईआर कठुआ द्वारा बुधवार को बटालियन मुख्यालय के बाहर विशेष रिफ्रेशमेंट स्टॉल लगाया गया।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राहगीरों, यात्रियों और स्थानीय लोगों को ठंडी छबील के साथ ताजा ब्रेड न्यूट्री वितरित किए। सैकड़ों लोगों ने इस पहल का लाभ उठाया और पुलिस के इस सराहनीय कदम की खुलकर प्रशंसा की। यह पहल न केवल बढ़ती गर्मी से तत्काल राहत प्रदान करने के लिए की गई बल्कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल एवं विश्वास को भी मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास रही।

इस अवसर पर कमांडेंट 19 जेकेएपी आईआर अतुल शर्मा (जेकेपीएस) ने कहा कि पुलिस का कर्तव्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं बल्कि हर परिस्थिति में समाज के साथ खड़ा रहना भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से पुलिस और जनता के बीच मित्रतापूर्ण संबंध विकसित होते हैं और यह संदेश जाता है कि पुलिस हमेशा लोगों की सेवा और सहायता के लिए तत्पर है।

स्थानीय निवासियों, ऑटो चालकों एवं दिहाड़ी मजदूरों ने इस पहल के लिए पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया और इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story