कठुआ में रेड क्रॉस जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्रों को आपदा प्रबंधन की दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में रेड क्रॉस जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्रों को आपदा प्रबंधन की दी जानकारी


कठुआ, 28 फरवरी (हि.स.)। कठुआ के शिवा नगर स्थित किड्स हेवन कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में जिला रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा सुरक्षा उपायों, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त कठुआ एवं जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।

इस कार्यक्रम में फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज, सिविल डिफेंस कठुआ तथा अन्य विभागों की टीमों ने भाग लेकर छात्रों को आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपाय, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन प्रतिक्रिया की जानकारी दी। अपने संबोधन में उपायुक्त ने रेड क्रॉस सोसाइटी की मानवीय सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था प्राकृतिक आपदाओं और स्वास्थ्य आपात स्थितियों में जरूरतमंद लोगों की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने लोगों से रेड क्रॉस की गतिविधियों को मजबूत करने के लिए सहयोग करने की अपील भी की।

कार्यक्रम के दौरान विभागों द्वारा लाइव डेमो ड्रिल का आयोजन किया गया जिसमें छात्रों को फायर सेफ्टी, सुरक्षित निकासी और प्राथमिक उपचार के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी केवल कृष्ण, डीएसपी सिविल डिफेंस रघबीर सिंह, स्कूल प्रिंसिपल सतपाल मनसोत्रा, नरेश कुमार, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story