एसडीआरएफ की टीमों ने तीन दिन का सर्च ऑपरेशन पूरा किया, रुक्साना कौसर का शव मिलने से शोक में डूबे परिवार को मिली राहत
जम्मू, 13 अक्टूबर (हि.स.)।एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीमों ने तीन दिन तक सर्च ऑपरेशन चलाया और अंततः रुक्साना कौसर का शव मिलने से शोक में डूबे परिवार को राहत मिली।
11 अक्टूबर 2026 को हुई भारी बारिश के कारण जम्मू के बगानी तालाब, फ्लोरा नाला, चिनोर और आसपास के इलाकों में ज़बरदस्त बाढ़ आ गई थी। इस दौरान मोहम्मद कलीम की पत्नी श्रीमती रुक्साना कौसर बाढ़ के पानी में बह गईं और लापता हो गईं। लापता महिला का पता लगाने के लिए स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ) ने नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स स्थानीय पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर लगातार तीसरे दिन भी अपना सघन सर्च ऑपरेशन जारी रखा।
एसडीआरएफ जम्मू के कमांडेंट मोहम्मद असलम ने सर्च ऑपरेशन का जायजा लेने के लिए प्रभावित इलाके का दौरा भी किया। उनके साथ ताहिर शेख एसडीओपी डोमाना दिनेश गुप्ता भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने ज़मीन पर तैनात कर्मियों से बातचीत की और बाढ़ प्रभावित इलाकों में टीमों को आ रही चुनौतियों का आकलन किया।
लगातार खोज प्रयासों के बाद श्रीमती रुक्साना कौसर का शव घटना स्थल से लगभग 6-7 किलोमीटर दूर गढ़ी पुरखू, जम्मू से बरामद किया गया। शव स्थानीय निवासियों को मिला जिन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ टीम को सूचित किया जो उस इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही थी। शव मिलने की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ/एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और सफलतापूर्वक सर्च ऑपरेशन पूरा किया और शव को जरूरी कानूनी औपचारिकताओं के बाद परिवार को सौंप दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

