रियासी पुलिस ने मोबाइल चोरी का मामला सुलझाया, 1.20 लाख मूल्य के चार चोरी हुए फोन किए बरामद
रियासी, 14 सितंबर (हि.स.)। रियासी पुलिस ने कटरा पुलिस स्टेशन में दर्ज मोबाइल चोरी के मामले को सुलझाने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है और चोरी हुए सभी चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं जिनमें एक प्रीमियम आईफोन 16 प्रो भी शामिल है। इन सभी की कुल अनुमानित कीमत 1.20 लाख है।
जानकारी के अनुसार 07.09.2026 को शिकायतकर्ता राजा बाबू पुत्र पुन्नी लाल साह निवासी पूर्वी दिल्ली, कटरा पुलिस स्टेशन पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई कि श्री माता वैष्णो देवी जाते समय उनके बैग से चार मोबाइल फोन चोरी हो गए। शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए कटरा पुलिस स्टेशन में धारा 303(2) बीएनएस के तहत एफआईआर संख्या 287/2026 दर्ज की गई और जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने उपलब्ध सुरागों के आधार पर कार्रवाई की और आरोपी शाही कुमार पुत्र भरत भूषण निवासी अखली तहसील कटरा, जिला रियासी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
उसके खुलासे और आगे की जांच के दौरान चोरी हुए सभी चार मोबाइल फोन बरामद किए गए जिनमें एक आईफोन 16 प्रो और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन शामिल हैं। बरामद संपत्ति का अनुमानित कुल मूल्य 1,20,000 है।
इस मामले की सफल सुलझना रियासी पुलिस की पेशेवर जांच, त्वरित कार्रवाई और श्री माता वैष्णो देवी तीर्थ क्षेत्र में तीर्थयात्रियों और आगंतुकों की संपत्ति और हितों की रक्षा के लिए किए गए निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।
अधिकारियों ने कहा कि रियासी पुलिस तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पूरे जिले में सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

