रज़दान और माछिल दर्रे की सुरंगों को ओटीसीए बजट के अंतर्गत शामिल करने का स्वागत
श्रीनगर, 20 फ़रवरी (हि.स.)।
अवामी इतिहाद पार्टी (एआईपी) के मुख्य प्रवक्ता इनाम उन नबी ने उत्तरी कश्मीर में लंबे समय से लंबित सड़क और सुरंग परियोजनाओं के संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा सांसद बारामूला इंजीनियर राशिद को दिए गए लिखित जवाब का स्वागत करते हुए इसे एक सकारात्मक और उत्साहजनक घटनाक्रम बताया है।
मीडिया को जारी एक बयान में इनाम उन नबी ने कहा कि पत्र में सांसद बारामूला इंजीनियर राशिद द्वारा लोलाब (कुपवाड़ा)-दर्दपोरा-बांदीपोरा सड़क, लोलाब-ताकीपोरा-सोपोर सड़क, माछिल सुरंग (कुपवाड़ा) और गुरेज सुरंग (बांदीपोरा) से संबंधित उठाए गए मुद्दों को स्वीकार किया गया है। पत्र के संदर्भ में इनाम ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने सांसद इंजीनियर राशिद को सूचित किया है कि यद्यपि राष्ट्रीय राजमार्गों की प्राथमिक जिम्मेदारी मंत्रालय की है और प्रस्तावित सड़कें वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित नहीं हैं फिर भी इस मामले की विस्तृत जांच की गई है।
मंत्री ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) से प्राप्त जानकारी के आधार पर यह भी बताया है कि रज़दान दर्रे और माछिल दर्रे पर प्रस्तावित सुरंगों को अन्य पूंजीगत अधिग्रहण (ओटीसीए) बजट के अंतर्गत शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।
एआईपी के मुख्य प्रवक्ता इनाम उन नबी ने इसे एक महत्वपूर्ण आश्वासन बताते हुए कहा कि माछिल दर्रे और राजदान दर्रे (गुरेज) पर बनी सुरंगें कुपवारा और बांदीपोरा जिलों के दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों में हर मौसम में संपर्क सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण हैं जो सर्दियों के दौरान महीनों तक कटे रहते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

