तिरंगे के रंग में रंगा रंजीत सागर झील और अटल सेतु, नाव और साइकिल रैली में उमड़ा देशभक्ति का जोश

WhatsApp Channel Join Now
तिरंगे के रंग में रंगा रंजीत सागर झील और अटल सेतु, नाव और साइकिल रैली में उमड़ा देशभक्ति का जोश


बसोहली, 12 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम् अभियान के तहत बुधवार को बसोहली में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का जीवंत नजारा देखने को मिला। रंजीत सागर झील में भव्य नाव रैली तथा अटल सेतु से साइकिल रैली का आयोजन किया गया जिसमें युवाओं, विद्यार्थियों, सरकारी कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अटल सेतु से साइकिल रैली को बसोहली के विधायक दर्शन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगा हाथों में लिए साइकिल सवारों ने देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया। इस अवसर पर विधायक ने अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले प्रतिभागियों की सराहना करते हुए लोगों से अपने घरों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए दिए गए वीरों के बलिदान को सदैव सम्मान के साथ याद किया जाना चाहिए। इससे पहले एडीसी बसोहली पंकज बगौत्रा ने टीआरसी बासोहली के समीप जेट्टी से अटल सेतु की ओर भव्य नाव रैली को रवाना किया। रंजीत सागर झील के शांत और मनोरम वातावरण में तिरंगे से सजी नावों का काफिला आकर्षण का केंद्र बना रहा। रैली के दौरान झील और आसपास का क्षेत्र वंदे मातरम तथा भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। नाव रैली ने हर घर तिरंगा अभियान में देशभक्ति की भावना को एक अनूठा आयाम दिया। रंजीत सागर झील और ऐतिहासिक अटल सेतु इन देशभक्ति कार्यक्रमों के प्रमुख केंद्र बने रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story