विस्थापित कश्मीरी पंडितों के लिए विशेष शिकायत निवारण शिविर आयोजित

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 07 मार्च (हि.स.)।

वरिष्ठ भाजपा नेता रमन सूरी ने देशभर में रहने वाले विस्थापित कश्मीरी पंडितों से अपील की है कि वे कश्मीर घाटी के विभिन्न जिलों में जम्मू-कश्मीर प्रशासन द्वारा आयोजित विशेष शिकायत निवारण शिविरों का अधिकतम लाभ उठाएँ। इन शिविरों में उनके लंबित संपत्ति संबंधी मामलों का निस्तारण किया जाएगा। सूरी ने प्रशासन से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि सभी दावे एक ही बार में निपटें और किसी को अगली तिथि तक परेशान न किया जाए।

उन्होंने कहा कि ये शिविर उन परिवारों के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेंगे जिन्हें 1989 में आतंकवाद के दौरान घाटी छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा और जिनके घर, दुकानें, बाग और कृषि भूमि लंबे समय तक अनुपस्थिति के कारण कथित रूप से अतिक्रमण के शिकार हुए। सूरी ने उम्मीद जताई कि इन शिविरों के माध्यम से अवैध अतिक्रमण हटाकर संपत्ति के वास्तविक मालिकों को न्याय मिलेगा। इसके साथ ही भूमि का सही तरीके से सीमांकन, संपत्ति की बहाली, और म्यूटेशन व उत्तराधिकार से जुड़े मुद्दों का तत्काल समाधान किया जाएगा।

प्रशासन की अनुसूची के अनुसार ये शिविर 1 अप्रैल से 28 अप्रैल तक कश्मीर घाटी के विभिन्न जिलों श्रीनगर, बडगाम, गांदरबल, बांदीपोरा, बारामूला, कुपवाड़ा, पुलवामा, शोपियां, अनंतनाग और कुलगाम में आयोजित किए जाएंगे।सूरी ने कश्मीरी पंडित समुदाय के अधिकतम सदस्यों से आग्रह किया कि वे अपने दावे और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत कर इन शिविरों में भाग लें ताकि उनकी संपत्तियों को अवैध कब्जे से मुक्त कर कानून के अनुसार उन्हें लौटाया जा सके।

सूरी ने कहा कि संपत्ति की बहाली विस्थापित परिवारों को उनके अधिकार दिलाने के साथ-साथ घाटी में सुरक्षित, सम्मानजनक और स्थायी वापसी की नींव भी रखेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story