जंबू लोचन टी-20 टूर्नामेंट में राजौरी टाइटंस और टांट्रे स्पोर्ट्स क्लब की शानदार जीत
जम्मू 19 अप्रैल (हि.स.)। जंबू लोचन टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत मौलाना आजाद स्टेडियम में आज खेले गए दो मुकाबलों में राजौरी टाइटंस और टांट्रे स्पोर्ट्स क्लब ने शानदार जीत दर्ज की। यह टूर्नामेंट जम्मू एंड कश्मीर मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित किया जा रहा है। पहले मैच में हंटर क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 135 रन बनाए। बंडिश ने 37 रनों की पारी खेली, लेकिन राजौरी टाइटंस के कप्तान शाहिद मलिक ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3.5 ओवर में 35 रन देकर 6 विकेट झटककर मैच का रुख बदल दिया।
136 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजौरी टाइटंस ने 13.3 ओवर में 4 विकेट खोकर आसानी से जीत हासिल कर ली। रफीक ने शानदार 68 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। शाहिद मलिक को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिन्हें यह पुरस्कार अनिल अबरोल ने प्रदान किया। दूसरे मुकाबले में जेंटल जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 160/8 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में टांट्रे स्पोर्ट्स क्लब ने रोमांचक मुकाबले में 19.4 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मैच में विजय डोगरा ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 76 रन बनाए और 3 विकेट भी हासिल किए।
उनकी इस शानदार पारी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया, जो रामेश्वर सिंह मनहास द्वारा प्रदान किया गया। टूर्नामेंट में लगातार रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं, जो क्षेत्र में उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

