नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजौरी पुलिस को मिली बड़ी सफलता
राजौरी, 08 मार्च (हि.स.)। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजौरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना थन्नामंडी पुलिस ने एक कुख्यात नशा तस्कर को पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान जावेद इकबाल तास, पुत्र मोहम्मद अशरफ, निवासी भंगई, थाना थन्नामंडी, जिला राजौरी के रूप में हुई है। आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी से जुड़े कई मामलों में शामिल रहा है और पुलिस की नजर में था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की लगातार अवैध गतिविधियों को देखते हुए सक्षम प्राधिकारी द्वारा उसके खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई के आदेश जारी किए गए थे। आदेश मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और आगे की कार्रवाई करते हुए जिला जेल भेज दिया गया है।
राजौरी पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी है। पुलिस का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बचाना और समाज में शांति बनाए रखना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

