राजौरी में आतंकी देखे जाने के बाद सुरक्षाबलों का बड़ा तलाशी अभियान शुरू

WhatsApp Channel Join Now

राजौरी, 14 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के राजौरी ज़िले के थानामंडी इलाके के कुछ गांवों में मंगलवार को सुरक्षाबलों ने एक बड़ा तलाशी अभियान शुरू किया। यह अभियान तब शुरू किया गया, जब सीसीटीबी फुटेज में कथित तौर पर दो संदिग्ध आतंकवादियों की हरकतें देखी गईं।

अधिकारियों के मुताबिक संदिग्ध आतंकवादी देर रात कैमरे में सड़क पार करते हुए दिखे थे। इसके बाद स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी), सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फ़ोर्स (सीआरपीएफ) और सेना ने इलाके में मिलकर तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि फुटेज के आधार पर सर्च टीमों ने उन दो लोगों का पता लगाने के लिए भंगई, हस्पलोट, करयोट, कोपरा टॉप और आस-पास के जंगली गांवों में तलाशी अभियान चलाया। आखिरी जानकारी मिलने तक तलाशी अभियान जारी था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story