11 नवंबर को राजौरी में बलिदान दिवस के रूप में मनाया गया

WhatsApp Channel Join Now

राजौरी, 11 नवंबर (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिला राजौरी के इतिहास में 11 नवंबर का दिन एक ऐसे दर्दनाक अध्याय के रूप में दर्ज है जिसे शायद ही कभी भुलाया जा सके। वर्ष 1947 में इसी दिन पाकिस्तानी कबाइलियों और हमलावरों ने राजौरी क्षेत्र में भीषण हिंसा और कत्लेआम मचाया था।

इस हमले में बड़ी संख्या में निर्दोष हिंदू और सिख नागरिकों की जान चली गई जबकि महिलाओं और बच्चों को भी क्रूरता का सामना करना पड़ा। इस त्रासदी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले लोगों की स्मृति में हर वर्ष 11 नवंबर को राजौरी में बलिदान दिवस के रूप में मनाया जाता है।

इसी कड़ी में बुधवार को राजौरी में बलिदान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह सबसे पहले बलिदान भवन में हवन का आयोजन किया गया जिसमें लोगों ने आहुति डालकर 1947 के नरसंहार में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की।

हवन के उपरांत बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने उस भयावह इतिहास को याद करते हुए आने वाली पीढ़ियों तक इसकी जानकारी पहुंचाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775177 Articles

Share this story