राजीव नगर की बदहाल सफाई व्यवस्था पर राजीव चाढक ने जताई गंभीर चिंता, निगम आयुक्त से स्वयं दौरा करने का आग्रह
जम्मू, 15 नवंबर(हि.स.)। स्थानीय लोगों के आह्वान पर भाजपा नेता एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता राजीव चाढक ने बाहु विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 47 स्थित राजीव नगर का दौरा कर क्षेत्र की बदहाल एवं चरमराई सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित जम्मू नगर निगम अधिकारियों से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का आग्रह किया।
राजीव चाढक ने कहा कि जम्मू नगर निगम द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल करने की बात कही जाती है लेकिन नगर निगम मुख्यालय से महज लगभग चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित वार्ड नंबर 47 के राजीव नगर की जमीनी स्थिति बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की गलियों में जगह-जगह कूड़े के ढेर और गंदगी के कारण लोगों का गलियों से गुजरना तक मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि जब यहां आने-जाने वाले लोगों को इतनी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तो इन गलियों में रहने वाले स्थानीय परिवार किस स्थिति में अपना जीवन व्यतीत कर रहे होंगे, इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था केवल कागजों पर दर्ज आंकड़ों और दावों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए बल्कि उसका प्रभाव धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए। उन्होंने नियमित कूड़ा उठाने, गलियों एवं नालियों की सफाई तथा क्षेत्र में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की।
राजीव चाढक ने जम्मू-कश्मीर सरकार, शहरी विकास विभाग तथा संबंधित मंत्री और प्रदेश सरकार के नेतृत्व से आग्रह किया कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के कामकाज की नियमित निगरानी और जमीनी स्तर पर निरीक्षण आवश्यक है ताकि प्रशासनिक व्यवस्था में मौजूद कमियों की पहचान कर उनका समयबद्ध समाधान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार और संबंधित विभागों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि शहर के किसी भी हिस्से में नागरिकों को बुनियादी स्वच्छता जैसी आवश्यक सुविधा के लिए परेशान न होना पड़े। जनता को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए।
राजीव चाढक ने जम्मू नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए राजीव नगर में तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाया जाए तथा भविष्य के लिए नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने जम्मू नगर निगम के आयुक्त से विशेष आग्रह किया कि वे स्वयं राजीव नगर का दौरा कर मौके की वास्तविक स्थिति का जायजा लें, ताकि जमीनी हकीकत स्पष्ट रूप से सामने आए और समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

