राजधानी एक्सप्रेस में बढ़ाई गई सुविधा, यात्रियों को बड़ी राहत, भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए अतिरिक्त 3एसी कोच जोड़ा गया
जम्मू, 04 अप्रैल (हि.स.)। गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए भारतीय रेलवे के जम्मू मंडल ने राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12425/12426) में अतिरिक्त 3एसी कोच जोड़ने का फैसला लिया है। यह कदम यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और कन्फर्म टिकट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन संख्या 12426 राजधानी एक्सप्रेस में 4 अप्रैल से 10 अप्रैल तक अतिरिक्त 3एसी कोच लगाया जाएगा। इससे खासकर गर्मियों की छुट्टियों में यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचिता सिंघल ने बताया कि छुट्टियों के दौरान यात्रियों और पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अस्थायी व्यवस्था की गई है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में मांग के अनुसार अन्य ट्रेनों में भी ऐसे कदम उठाए जा सकते हैं। यात्री इस अतिरिक्त कोच में सीट उपलब्धता की जानकारी आईआरसीटीसी की वेबसाइट या रेलवे आरक्षण काउंटर से प्राप्त कर सकते हैं और अपनी टिकट बुकिंग कर सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

