गांधी नगर के सरकारी गर्ल्स हाई स्कूल में वर्षा जल संचयन परियोजना शुरू

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 01 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू नगर निगम ने गांधी नगर स्थित सरकारी गर्ल्स हाई स्कूल में वर्षा जल संचयन परियोजना का काम पूरा कर इसका उद्घाटन किया। करीब दो महीने पहले शुरू की गई इस परियोजना का उद्घाटन जम्मू नगर निगम के आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने किया।

इस पहल का उद्देश्य वर्षा जल को बचाने, भूजल स्तर को बेहतर बनाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

यह कार्यक्रम सेवा पर्व गतिविधियों के तहत आयोजित किया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और जम्मू नगर निगम अधिकारियों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने पानी बचाने, इसकी बर्बादी रोकने और पानी का जरूरत के अनुसार सही इस्तेमाल करने का संकल्प लिया। डॉ. देवांश यादव ने कहा कि जल संरक्षण में विद्यार्थियों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। बच्चों को खुद पानी बचाने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।

आयुक्त ने बताया कि गांधी जयंती के अवसर पर जम्मू नगर निगम की ओर से कलीन जम्मू ग्रीन जम्मू अभियान के तहत कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। कैच दा रेन अभियान के तहत 1,000 से अधिक सरकारी स्कूलों में इसी तरह की वर्षा जल संचयन परियोजनाएं लगाने की योजना है। इससे वर्षा के पानी को बचाकर जमीन के भीतर पहुंचाने में मदद मिलेगी और बच्चों में जल संरक्षण को लेकर जागरूकता भी बढ़ेगी।

डॉ. देवांश यादव ने गांधी नगर के एक पार्क का भी दौरा किया जहां वर्षा जल संचयन की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि जम्मू शहर के करीब 26 पार्कों में भी ऐसी व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसके जरिए बारिश के पानी को बहकर बेकार जाने से रोकने और उसे जमीन में पहुंचाकर भूजल स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त स्वास्थ्य एवं स्वच्छता अब्दुल सत्तार, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शाहिद हुसैन, सहायक फ्लोरीकल्चर अधिकारी डॉ. राबिया खान, डॉ. दिव्या शर्मा, स्कूल प्रधानाचार्य अंजमिन जबीन, कार्यकारी अभियंता यासिर बशीर किचलू सहित जम्मू नगर निगम के अन्य अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story