जम्मू-कश्मीर में 20 मार्च तक रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी की संभावना

WhatsApp Channel Join Now
जम्मू-कश्मीर में 20 मार्च तक रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी की संभावना


जम्मू, 13 मार्च (हि.स.)। भारतीय मौसम विभाग ने बुधवार को जम्मू और कश्मीर में 20 मार्च तक मौसम की स्थिति अनिश्चित बनी रहने की संभावना जताई है। आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश और ऊंचे इलाकों में हिमपात भी हो सकता है।

श्रीनगर मौसम केंद्र के अनुसार 13 और 14 मार्च को केंद्र शासित प्रदेश में आमतौर पर शुष्क मौसम रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि 15 मार्च की रात और 16 मार्च की सुबह के आसपास मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे इलाकों में छिटपुट से लेकर कई स्थानों पर हिमपात होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि 17 और 18 मार्च को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही 17 मार्च की रात और 18 मार्च की सुबह कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

इसके अलावा 19 और 20 मार्च के लिए मौसम विभाग ने आमतौर पर बादल छाए रहने का पूर्वानुमान लगाया है। साथ ही मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे इलाकों में छिटपुट से लेकर कई स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है। विभाग ने कहा कि 21 से 23 मार्च के बीच मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि श्रीनगर में पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि काजीगुंड में अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तरी कश्मीर के कुपवाडा में अधिकतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पर्यटक स्थल गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story