आसमानी बिजली गिरने से एक गरीब परिवार का कच्चा मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 09 अक्टूबर (हि.स.)।

वीरवार शुक्रवार की रात को जम्मू के आरएस पुरा क्षेत्र में हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों के साथ-साथ आम लोगों की परेशानियां बढ़ा दीं। इस दौरान बडेयाल ब्राह्मणा के बस्ती प्रेम नगर में आसमानी बिजली गिरने से एक गरीब परिवार का कच्चा मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के अनुसार जोगिंदर कुमार पुत्र डिप्टी नाथ के मकान पर अचानक आसमानी बिजली गिरने का समाचार प्राप्त हुआ है।

स्थानीय वासियों ने बताया कि बिजली इतनी जोरदार थी कि मकान के ऊपर लगा शेड उखड़कर दूर जाकर गिर गया। इसके अलावा आंगन में लगे पेड़ भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि जोगिंदर कुमार का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है।

उन्होंने बताया कि परिवार की ओर से करीब तीन वर्ष पहले प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान के लिए आवेदन किया गया था लेकिन अभी तक परिवार को पक्का मकान उपलब्ध नहीं हो सका। मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है और फिलहाल परिवार किसी अन्य व्यक्ति के घर में शरण लेने को मजबूर है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग परिवार की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने विधायक प्रो गारू राम भगत सहित प्रशासन और सरकार से प्रभावित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान उपलब्ध करवाने की मांग की है।

तेज बारिश और ओलावृष्टि के कारण क्षेत्र में धान की फसल को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है। किसानों ने प्रशासन से फसलों का जायजा लेकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story