बारिश बनी बाधा-बनी विधानसभा में मुख्यमंत्री का दौरा रद्द, लोगों की उम्मीदों पर फिरा पानी
बनी, 29 अप्रैल (हि.स.)। कठुआ जिले के बनी विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को प्रस्तावित मुख्यमंत्री के दौरे को भारी बारिश ने प्रभावित कर दिया, जिसके चलते कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और स्वास्थ्य मंत्री का सुबह लोहाई मल्हार में तथा इसके बाद बनी में जनसंपर्क और विकास कार्यों की समीक्षा का कार्यक्रम तय था।
दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर जनसभा स्थल तक हर स्तर पर इंतजाम पूरे कर लिए गए थे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता सुबह से ही बनी में एकत्रित हो गए थे और मुख्यमंत्री के आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। हालांकि सुबह से ही क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश ने पूरे कार्यक्रम पर पानी फेर दिया। खराब मौसम और लगातार वर्षा के चलते मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका, जिसके कारण अंततः दौरा रद्द करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम रद्द होने की खबर मिलते ही वहां मौजूद लोगों में निराशा फैल गई और उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दे रखना चाहते थे, लेकिन मौसम ने उनकी उम्मीदों को अधूरा छोड़ दिया।
इस दौरान पूर्व सरपंच सुशील कुमार ने कहा कि यह हमारी बदकिस्मती है कि बारिश नहीं रुकी और मुख्यमंत्री का दौरा रद्द हो गया। हमने पूरी तैयारी कर रखी थी और बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। हालांकि हमें अभी भी उम्मीद है कि मुख्यमंत्री का दौरा जल्द ही दोबारा तय किया जाएगा। गौरतलब है कि बनी क्षेत्र के लोग लंबे समय से विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर उम्मीद लगाए बैठे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दौरा उनके लिए खास मायने रखता था। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मौसम सामान्य होने के बाद यह दौरा कब पुनः निर्धारित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

