जम्मू और कश्मीर में अगले 10 दिनों तक बादल छाए रहने के साथ-साथ हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना
श्रीनगर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा सोमवार को जारी एक सलाह के अनुसार जम्मू और कश्मीर में अगले 10 दिनों तक बादल छाए रहने के साथ-साथ हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर के किसानों से 6 से 10 अक्टूबर के बीच सेब और धान की फसलों का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज यानि 5 अक्टूबर को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने कहा कि कल यानि 6 अक्टूबर से मौसम में बदलाव की उम्मीद है क्योंकि अगले पांच दिनों तक यानी 10 अक्टूबर तक आसमान में आंशिक रूप से लेकर सामान्य रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है।
केंद्र शासित प्रदेश में हल्की बारिश और ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। सलाह में कहा गया है कि 11 से 15 अक्टूबर तक मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

