जम्मू-कश्मीर में आने वाले दिनों में रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार जम्मू-कश्मीर में आने वाले दिनों में रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है साथ ही आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर गरज और तेज हवाएं चलने की आशंका है।

मौसम विभाग ने कहा है कि 6 अक्टूबर को कई स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है साथ ही गरज और तेज हवाएं भी चलेंगी। 7 अक्टूबर को मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की उम्मीद है हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। 8 अक्टूबर को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने 9 अक्टूबर को आमतौर पर शुष्क मौसम का पूर्वानुमान लगाया है हालांकि शाम के समय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

10 अक्टूबर को मौसम में फिर से बदलाव की संभावना है। कई स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी के साथ-साथ गरज और तेज हवाएं चलने की संभावना है खासकर सुबह और दोपहर के समय।

11 से 13 अक्टूबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 14 और 15 अक्टूबर को कई स्थानों पर बादल छाए रहने, हल्की बारिश, ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी, गरज के साथ तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस बीच मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

किसानों को 6 से 10 अक्टूबर के बीच सेब और धान की कटाई के बाद सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने की सलाह दी है।

सलाह में लोगों से तेज हवाओं और गरज के साथ तूफान के दौरान कमजोर ढांचों, बिजली के तारों और पुराने पेड़ों से दूर रहने का भी आग्रह किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story