वंदे भारत ट्रेन में छूटी घड़ी यात्री को लौटाई गई

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 21 मई (हि.स.)।

जम्मू मंडल के रेल कर्मियों ने ईमानदारी और तत्परता की मिसाल पेश करते हुए श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस में छूटी एक यात्री की कीमती घड़ी सुरक्षित लौटाकर दिल जीत लिया। जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 26401 श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच सी-11 के वॉशरूम में एक यात्री अपनी महंगी घड़ी भूल गया था।

घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन सुपरिटेंडेंट ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोच में अनाउंसमेंट करवाया और यात्रियों से पूछताछ शुरू की। एक यात्री द्वारा घड़ी पर दावा किए जाने के बाद रेलवे स्टाफ ने पीएनआर और पहचान पत्र की जांच कर सत्यापन किया। इसके बाद ऑन-ड्यूटी टिकट चेकिंग स्टाफ और आरपीएफ जवानों की मौजूदगी में घड़ी यात्री को सौंप दी गई।

इस मौके पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने कहा कि रेलवे स्टाफ की ईमानदारी और सेवा भावना भारतीय रेल की पहचान है। उन्होंने टिकट चेकिंग टीम और आरपीएफ के तालमेल की सराहना करते हुए कहा कि इस घटना से यात्रियों का रेलवे पर भरोसा और मजबूत हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story