ज्यौड़ियाँ में 4 करोड़ के विकास कार्यों की गुणवत्ता पर उठे सवाल

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 05 सितंबर (हि.स.)।

ज्यौड़ियाँ म्युनिसिपल कमेटी में करीब 4 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं और घटिया सामग्री के इस्तेमाल के आरोपों को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। शिकायतों के बाद विधायक मोहन लाल भगत ने मौके पर पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया और लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक ने एईई आशीष बसीन को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और ठेकेदारों से निर्धारित मानकों के अनुरूप काम करवाया जाए।

पूर्व किसान सेल वाइस चेयरमैन दलजीत सिंह ने आरोप लगाया कि म्युनिसिपल कमेटी के विकास के लिए जारी धनराशि का कुछ हिस्सा कमेटी क्षेत्र से बाहर खर्च किया गया है। वहीं वार्ड नंबर 5 की स्थानीय महिलाओं ने नाली निर्माण में खामियों का आरोप लगाते हुए कहा कि पानी की निकासी नहीं हो पा रही है जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story