पुरमंडल-कालूचक मार्ग पर 44 करोड़ रुपये की पुल परियोजना को मंजूरी मिली
जम्मू,, 24 जून (हि.स.)।
पुरमंडल-कालूचक सड़क मार्ग पर लंबे समय से लंबित पुल निर्माण परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। दशकों से जर्जर स्लैबों और बरसाती नालों पर स्थायी पुलों की मांग कर रहे स्थानीय लोगों ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति मिलने पर विधायक चंद्र प्रकाश गंगा, प्रशासन और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार पुरमंडल-कालूचक मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है जहां बरसात के मौसम में नालों पर बने पुराने स्लैब लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बन जाते थे। कई बार तेज बारिश और बाढ़ के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता था, जिससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
करीब 44 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले छोटे-बड़े पुल इस समस्या का स्थायी समाधान साबित होंगे। इन पुलों के निर्माण से न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि ऐतिहासिक धार्मिक स्थल पुरमंडल-उत्तरबहनी आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को भी सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से लोग बरसात के दौरान जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर थे। स्थायी पुल बनने से दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और लोगों को हर मौसम में निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। इस मार्ग का उपयोग प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, तहसील कार्यालय जाने वाले नागरिक, व्यापारी तथा बड़ी ब्राह्मणा और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारी करते हैं।
परियोजना को मंजूरी मिलने पर क्षेत्रवासियों ने इसे क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी सौगात बताया और कहा कि विधायक चंद्र प्रकाश गंगा ने जनता से किया गया वादा पूरा कर लोगों का विश्वास मजबूत किया है। लोगों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होकर निर्धारित समय में पूरा होगा, जिससे क्षेत्र को शीघ्र लाभ मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

