मंगलूर में जन शिकायत शिविर-डीसी ने दिए समस्याओं के समयबद्ध समाधान के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मंगलूर में जन शिकायत शिविर-डीसी ने दिए समस्याओं के समयबद्ध समाधान के निर्देश


कठुआ, 03 जून (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने बुधवार को ब्लॉक डिंगा अंब के पंचायत मंगलूर ईस्ट में जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विकास कार्यों, बुनियादी सुविधाओं और जनसेवाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उठाईं।

डीसी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित और समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सप्ताह में एक-दो बार फील्ड विजिट कर विकास कार्यों की निगरानी और जनता से सीधा संवाद बनाए रखने को भी कहा। खेल मैदान की मांग पर उपायुक्त ने बताया कि मामला पहले ही स्पोर्ट्स काउंसिल के समक्ष उठाया जा चुका है। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि आगामी बुधवार को ब्लॉक में विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता और पंजीकरण शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से जिला प्रशासन के “100-दिवसीय नशा मुक्त अभियान” में सक्रिय सहयोग देने की अपील करते हुए युवाओं को नशे से दूर रखने का आह्वान किया।

अधिकारियों ने भी आश्वासन दिया कि शिविर में उठाई गई सभी जायज समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर एडीसी कठुआ महिमा मदान, एसडीएम हीरानगर फुलेल सिंह, सीपीओ रंजीत ठाकुर सहित कई जिला अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story