जीएमसी कठुआ के कर्मचारियों का नौवें दिन भी प्रदर्शन, कल से शुरू होगी क्रमिक भूख हड़ताल

WhatsApp Channel Join Now
जीएमसी कठुआ के कर्मचारियों का नौवें दिन भी प्रदर्शन, कल से शुरू होगी क्रमिक भूख हड़ताल


जीएमसी कठुआ के कर्मचारियों का नौवें दिन भी प्रदर्शन, कल से शुरू होगी क्रमिक भूख हड़ताल


कठुआ, 25 नवंबर (हि.स.)। जीएमसी कठुआ सहित जम्मू-कश्मीर के पांच नए मेडिकल कॉलेजों के गैर-राजपत्रित कर्मचारियों का सर्विस रिक्रूटमेंट रूल्स को अंतिम रूप देकर अधिसूचित करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना बुधवार को नौवें दिन भी जारी रहा। ज्वाइंट एक्शन कमेटी के बैनर तले कर्मचारियों ने घोषणा की कि 26 नवंबर से क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।

कर्मचारियों के अनुसार 21 अगस्त 2026 को स्वास्थ्य मंत्री सकीना इट्टू की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद 30 सितंबर तक भर्ती नियमों को अधिसूचित करने का आश्वासन दिया गया था लेकिन तय समय सीमा बीतने के बावजूद अधिसूचना जारी नहीं हुई है। कर्मचारियों ने बताया कि वर्ष 2018 में 300 बिस्तरों वाले अस्पताल के लिए 549 गैर-राजपत्रित पद स्वीकृत किए गए थे जबकि वर्तमान में करीब 280 कर्मचारी ही कार्यरत हैं। अब अस्पताल की क्षमता बढ़कर 600 बिस्तर और एमबीबीएस सीटें 150 हो गई हैं। इसके अलावा नर्सिंग, पैरामेडिकल, बीएचएमएस और पीजी पाठ्यक्रम भी शुरू हो चुके हैं। ऐसे में मौजूदा कर्मचारियों पर काम का अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।

उन्होंने सरकार से भर्ती नियमों को जल्द अधिसूचित करने, रिक्त पद भरने और संस्थान की जरूरत के अनुसार नए पद सृजित करने की मांग की। साथ ही स्पष्ट किया कि विरोध प्रदर्शन के बावजूद इमरजेंसी, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, लेबर रूम और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। कर्मचारियों ने उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782993 Articles

Share this story