600 बिस्तरों का अस्पताल कर्मचारी सिर्फ 280, भर्ती नियमों पर जीएमसी कठुआ में 12वें दिन भी आंदोलन

WhatsApp Channel Join Now
600 बिस्तरों का अस्पताल कर्मचारी सिर्फ 280, भर्ती नियमों पर जीएमसी कठुआ में 12वें दिन भी आंदोलन


कठुआ, 27 नवंबर (हि.स.)। सरकारी मेडिकल कॉलेज कठुआ के गैर राजपत्रित कर्मचारियों का सेवा भर्ती नियमों (एसआरआर) को अंतिम रूप देकर अधिसूचित करने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार 12वें दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को कर्मचारियों ने एसोसिएटेड अस्पताल से शहीदी चौक होते हुए मुख्य बाजार के मुखर्जी चौक तक रैली निकालकर सरकार का ध्यान अपनी लंबित मांग की ओर खींचा। वहीं क्रमिक भूख हड़ताल दूसरे दिन में प्रवेश कर गई।

कर्मचारियों का कहना है कि 21 अगस्त 2026 को स्वास्थ्य मंत्री सकीना इट्टू की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद 30 सितंबर तक भर्ती नियम अधिसूचित करने का भरोसा दिया गया था लेकिन तय समय सीमा बीतने के बावजूद आदेश जारी नहीं हुए। कर्मचारियों ने बताया कि वर्ष 2018 में 300 बिस्तरों वाले अस्पताल के लिए 549 गैर राजपत्रित पद स्वीकृत किए गए थे लेकिन वर्तमान में करीब 280 कर्मचारी ही कार्यरत हैं। इस बीच अस्पताल की क्षमता बढ़कर 600 बिस्तर हो गई है और एमबीबीएस सहित नर्सिंग, पैरामेडिकल, बीएचएमएस और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम भी शुरू हो चुके हैं। संस्थान का दायरा बढ़ने के बावजूद कर्मचारियों की संख्या में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। उन्होंने भर्ती नियमों को तत्काल अधिसूचित करने के साथ रिक्त पद भरने और जरूरत के अनुसार नए पद सृजित करने की मांग उठाई।

कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि आंदोलन के बावजूद आपातकालीन सेवाएं, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, प्रसूति कक्ष और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित नहीं होने दी जा रही हैं। उन्होंने उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784272 Articles

Share this story