लखनपुर एंट्री वसूली मामले में बड़ी कार्रवाई, पुलिसकर्मी सेवा से हटाया

WhatsApp Channel Join Now
लखनपुर एंट्री वसूली मामले में बड़ी कार्रवाई, पुलिसकर्मी सेवा से हटाया


कठुआ, 28 सितंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर में ट्रक चालकों से एंट्री के नाम पर कथित वसूली का मामला सामने आने के बाद कठुआ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में ट्रक चालक से कथित तौर पर पैसे मांगते दिखाई दे रहे पुलिसकर्मी को एसएसपी कठुआ ने सेवा से हटा दिया है। इसके साथ ही संबंधित नाके पर तैनात अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी गई है।

वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी ट्रक चालक से बिल्टी नहीं होने की बात कहते हुए कथित तौर पर 100 रुपये की मांग करता दिखाई दे रहा है। चालक द्वारा 30 रुपये देने की पेशकश किए जाने के बावजूद कथित तौर पर 100 रुपये मांगने और फिर पैसे लेकर ट्रक को आगे जाने देने का घटनाक्रम वीडियो में नजर आता है। हालांकि वीडियो में सामने आए पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में एसएसपी कठुआ द्वारा संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई किए जाने के बाद अब जांच का दायरा नाके पर तैनात अन्य स्टाफ तक बढ़ गया है। जांच में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका, ड्यूटी रिकॉर्ड और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

लखनपुर जम्मू-कश्मीर का महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है और यहां रोजाना बड़ी संख्या में मालवाहक वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में एंट्री के नाम पर कथित वसूली का मामला सामने आने से नाके की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। अब जांच से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि वायरल वीडियो में सामने आई घटना केवल एक कर्मचारी तक सीमित थी या इसमें नाके पर तैनात अन्य कर्मियों की भी कोई भूमिका थी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब जांच रिपोर्ट पर नजर रहेगी। यदि जांच में किसी अन्य कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है तो तथ्यों के आधार पर उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story