पेंशन में देरी और कल्याण केंद्र बंद होने पर प्रिया सेठी ने सरकार को घेरा

WhatsApp Channel Join Now
पेंशन में देरी और कल्याण केंद्र बंद होने पर प्रिया सेठी ने सरकार को घेरा


जम्मू, 24 नवंबर (हि.स.)। भाजपा की जम्मू-कश्मीर उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रिया सेठी ने सामाजिक कल्याण विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार की आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की कथित लापरवाही के चलते बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को पेंशन नहीं मिल रही है, जबकि कई व्यावसायिक एवं कल्याण केंद्र भी बंद कर दिए गए हैं। मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में जन शिकायतें सुनने के दौरान लोगों ने उन्हें पेंशन भुगतान में देरी और केंद्रों के बंद होने से पेश आ रही समस्याओं से अवगत करवाया।

प्रिया सेठी ने दावा किया कि कई लाभार्थियों को पिछले सात से आठ महीनों से पेंशन नहीं मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से फंड का हिस्सा जारी किए जाने के बावजूद प्रदेश सरकार अपना योगदान जारी करने में विफल रही है। उन्होंने सामाजिक कल्याण विभाग के तहत संचालित सिलाई और कौशल विकास केंद्रों को बंद किए जाने पर भी चिंता जताई। सेठी ने सरकार से लंबित पेंशन जारी करने, बंद केंद्रों को दोबारा खोलने और महिलाओं व जरूरतमंदों के लिए नए व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सामाजिक कल्याण योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक नियमित रूप से पहुंचना चाहिए और इसमें किसी तरह का राजनीतिक भेदभाव नहीं होना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story