लखनपुर कॉरिडोर को मॉडल गेटवे बनाने की तैयारी, डीसी ने लिया प्रस्तावित कार्यों का जायजा

WhatsApp Channel Join Now
लखनपुर कॉरिडोर को मॉडल गेटवे बनाने की तैयारी, डीसी ने लिया प्रस्तावित कार्यों का जायजा


कठुआ, 25 मार्च (हि.स.)। जिले के प्रवेश द्वार लखनपुर कॉरिडोर को आकर्षक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने बुधवार को लखनपुर क्षेत्र का दौरा कर प्रस्तावित पुनर्जीवन कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पुराने स्टेट टैक्स भवन और आसपास की खाली इमारतों के पुनः उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि इन भवनों को आधुनिक डिजाइन के साथ विकसित कर उपयोगी और सुंदर बनाया जाए। पीडब्ल्यूडी को निर्देशित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि खाली भवनों के फेसलिफ्ट, लैंडस्केपिंग, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं को शामिल करते हुए विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाए।

उन्होंने कॉरिडोर की समग्र व्यवस्था सुधारने पर भी बल दिया जिसमें ट्रैफिक प्रबंधन, स्वच्छता और आगंतुकों के लिए बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करना शामिल है। इस दौरान उपायुक्त ने लखनपुर मुख्य पुल के पास प्रस्तावित वेलकम गेट स्थल का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने वाला आकर्षक डिजाइन अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि लखनपुर को जम्मू-कश्मीर का मॉडल गेटवे बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story