अमरनाथ यात्रा 2026-लखनपुर कॉरिडोर में तैयारियां अंतिम चरण में, डीसी कठुआ ने किया निरीक्षण
कठुआ, 24 जून (हि.स.)। श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 के मद्देनजर लखनपुर कॉरिडोर में चल रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए जा रहे मल्टी-फैसिलिटी यात्री हैंगर और यात्री सुविधा केंद्र का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा हुई। एसएसपी ने तैनाती योजना, निगरानी व्यवस्था और सुरक्षा के अन्य उपायों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कॉरिडोर में बीटी कार्य पूरा हो चुका है जबकि केवाईसी और एफआरआईडी काउंटर तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थापना अंतिम चरण में है। यात्रियों के लिए शौचालय, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी निर्धारित स्थानों पर स्थापित कर दी गई हैं। उपायुक्त ने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को अगले एक-दो दिनों में पूरा कर अंतिम रूप दिया जाए ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान डीसी स्टेट टैक्स जोगिंदर जसरोटिया सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

